केकड़ी में विराट हिंदू सम्मेलन, धर्मसभा में उमड़ा जनसमूह
केकड़ी, 8 फरवरी : केकड़ी में सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में पालिका परिसर में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान धर्मसभा आयोजित हुई, जो जय श्रीराम के नारों से गूंज उठी। सम्मेलन को संबोधित करते हुए महंत निर्मोही राधे बाबा ने कहा कि हिंदू संस्कृति को कुचलने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में हिंदू समाज को जागरूक होकर एकजुट रहना होगा। उन्होंने समाज में एकता बनाए रखने का आह्वान किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक शिवराज ने कहा कि संगठित समाज ही राष्ट्र की मजबूती का आधार होता है। उन्होंने राष्ट्रहित में कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सर्वप्रथम राष्ट्र है। कार्यक्रम विधायक शत्रुघ्न गौतम भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा शहर की विभिन्न गली-मोहल्लों से होती हुई पालिका परिसर पहुंची। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन गाते हुए चल रही थीं। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की भागीदारी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलन से किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तावना संयोजक सुदेश कुमार पाराशर ने रखी। आयोजन समिति अध्यक्ष बंशीलाल जांगिड़ ने सम्मेलन की सफलता के लिए सभी का आभार जताया। मातृशक्ति प्रतिनिधि सरिता साहू ने परिवार और समाज में महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। मंचासीन अतिथियों का स्वागत प्रियंका तारावत, ललिता चौधरी, सुमन सेन, शैतान तारावत, लादूराम रैगर, रामेश्वर मांडिया, महावीर विजयवर्गीय, सुमित वाल्मीकि एवं रामवतार चौधरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरिओम शरण शर्मा ने किया। कार्यक्रम का समापन समस्त हिंदू समाज द्वारा भारत माता की आरती एवं सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ हुआ।

Post a Comment