Header Ads

test

केकड़ी में दुष्कर्म पीड़िता के परिवार ने टंकी पर चढ़कर किया विरोध प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग

12 दिसंबर 2024- केकड़ी में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़िता के परिवार के तीन सदस्य जिनमें महिलाएं और पुरुष शामिल थे अजमेर रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय में बनी पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।


प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा और केकड़ी शहर पुलिस थानाधिकारी कुसुमलता मीणा मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने टंकी पर चढ़े परिवारजनों को समझाने और स्थिति को काबू में लाने की कोशिश की। समझाइश के बाद परिवारजन टंकी से नीचे उतरे जिन्हें पुलिस ने थाने लेकर जाकर बातचीत की।


क्या है मामला?

पीड़िता के अनुसार दिसंबर 2023 में जब वह अपने घर में अकेली थी तो एक आरोपी ने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस घटना के बाद आरोपी ने धमकियों और प्रताड़नाओं का सिलसिला जारी रखा। पीड़िता को गर्भवती होने पर जब अस्पताल ले जाया गया तब इस घटना का खुलासा हुआ। पीड़िता ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत कई बार प्रशासन से की लेकिन आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। परिवार का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन ने मामले में लापरवाही बरती है जिससे पीड़िता की जान को खतरा है।

परिवार की मांग

परिवार और पीड़िता ने मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है। 

1. अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो।

2. पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।

3. पीड़िता की शिक्षा को बहाल करने के लिए मदद की जाए।

4. मामले को शीघ्र न्यायालय तक पहुंचाया जाए।

पुलिस प्रशासन ने परिवार को आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जाएगी।


No comments