केकड़ी में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा: जिला विकास की नई कहानी लिखेगा
केकड़ी, 12 दिसंबर- राजस्थान सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों और योजनाओं को रेखांकित करने के लिए गुरुवार को केकड़ी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री दिया कुमारी ने नगर परिषद रंगमंच में आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
सुबह की शुरुआत "रन फॉर विकसित राजस्थान" से
दिन की शुरुआत सुबह 8 बजे "रन फॉर विकसित राजस्थान" (रविराज) कार्यक्रम से हुई। यह दौड़ राजकीय महाविद्यालय से शुरू होकर महाराणा प्रताप चौराहे तक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
इसके बाद युवा सम्मेलन और रोजगार उत्सव का आयोजन जिला कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया और रोजगार सृजन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता जताई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख
दोपहर 12 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बताया कि राज्य सरकार ने 2024-25 के बजट में केकड़ी जिले के लिए ऐतिहासिक घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा, "आने वाले वर्षों में केकड़ी जिला विकास की नई कहानी लिखेगा।"
केकड़ी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 2024-25 के बजट में केकड़ी जिले के लिए ऐतिहासिक घोषणाएं की हैं। आने वाले वर्षों में केकड़ी जिला विकास की नई कहानी लिखेगा। उन्होंने बताया कि नसीराबाद से देवली तक 4 लेन सड़क निर्माण के लिए 650 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और केकड़ी-सरवाड़-देवली सड़क का उन्नयन किया जाएगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 118.66 किमी सड़क निर्माण और 41 गांवों को डामर सड़क से जोड़ा गया है।
उन्होंने ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1332 आवास पूरे किए गए हैं और 326 घुमंतु परिवारों को आवासीय पट्टे दिए गए हैं। महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत 1956826 मानव दिवस सृजित किए गए। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में केकड़ी में नवीन छात्रावास और आयुष चिकित्सालय का निर्माण किया गया है। 111 बेटियों को स्कूटी और 2751 बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई हैं। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य शिविरों का शुभारंभ 15 दिसंबर से किया जाएगा, जिसमें 37 प्रकार की निशुल्क जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 735 लाख रुपये का बीमा क्लेम वितरित किया गया है। 287 खेत तलाईयों का निर्माण और 123 किमी सिंचाई पाइपलाइन बिछाई गई है। राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के तहत केकड़ी में 3800 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं। पेयजल योजनाओं के तहत जल जीवन मिशन के अंतर्गत 2964 नल कनेक्शन और 35 नए हैंडपंप लगाए गए हैं। महिला सशक्तिकरण के तहत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में 2726 महिलाओं को 91.4 लाख रुपये की राशि वितरित की गई है। ऊर्जा क्षेत्र में 132 केवी ग्रिड सबस्टेशन का निर्माण किया गया है और किसानों को 135 लाख रुपये की बिजली सब्सिडी प्रदान की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उपमुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तिका सरकार की पारदर्शिता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस अवसर पर विधायक शत्रुघ्न गौतम, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, अजमेर देहात भाजपा अध्यक्ष देवी शंकर भूतड़ा, जिला कलेक्टर श्वेता चौहान और विशिष्ट शासन सचिव नरेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे। अंत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ है और हर क्षेत्र में समृद्धि लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।







Post a Comment