मोटरसाइकिल सहित दो स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 66 ग्राम स्मैक बरामद
केकड़ी। पुलिस थाना केकड़ी शहर ने विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो तस्करों को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.31 ग्राम स्मैक बरामद की। त्वरित कार्रवाई कर मुल्जिमों से पुछताछ में मिले इनपुट पर सप्लायर को भी डिटेन कर करीब 61 ग्राम अवैध स्मैक जब्त की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी श्योराजमल मीणा तथा वृताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने नायक पेट्रोल पंप के पास चैकिंग के दौरान नायकपुरा की ओर से आती मोटरसाइकिल को रोककर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने पर दोनों आरोपियों को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से स्मैक मिली।
दोनों आरोपियों — द्वारका प्रसाद (निवासी कैलाशपुरी, फुलिया कला, जिला भीलवाड़ा) एवं छीतर माली (निवासी कीर मोहल्ला, फुलिया कला, जिला भीलवाड़ा) — को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने सप्लायर से स्मैक खरीदने की बात स्वीकार की। इस सूचना पर केकड़ी शहर पुलिस व थाना केकड़ी सदर की संयुक्त टीम ने फुलिया कला में दबिश देकर सप्लायर को गाड़ी सहित डिटेन किया, जिसकी तलाशी में करीब 61 ग्राम स्मैक मिली। सप्लायर के खिलाफ थाना फुलिया कला में पृथक प्रकरण दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थाना केकड़ी शहर प्रभारी कुसुमलता मीणा, सदर थाना प्रभारी नाहर सिंह, हैडकॉन्स्टेबल राजेश कुमार, हैडकॉन्स्टेबल कालूराम, कॉन्स्टेबल तेजमल, राकेश कुमार, रामराज, पंकज कुमार, नीरज कुमार, कालूराम, कन्हैया लाल व चालक मान सिंह की विशेष भूमिका रही।

Post a Comment